आरंग से निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं वेदराम:समर्थकों से रोते हुए बोले- आप जिसे चाहेंगे वही MLA बनेगा; खुशवंत हैं बीजेपी प्रत्याशी…

आरंग विधानसभा से बीजेपी नेता वेदराम मनहरे निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। पार्टी के बैनर पोस्टर के बिना अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं की सभाएं ले रहे हैं। क्षेत्र में उसी तरह जनसंपर्क कर रहे हैं, जैसे प्रत्याशी करते हैं। भाजपा ने आरंग से खुशवंत साहेब (सतनामी धर्म गुरु) को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
वेदराम कुछ दिन तक खुशवंत साहेब के साथ दिखे थे, मगर अब अपनी राह अलग कर रहे हैं। आरंग में कार्यकर्ताओं की एक सभा में मनहरे रो पड़े। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप जिसको चाहेंगे विधायक बना देंगे, आप सभी में इतनी ताकत, इतनी पावर है।
मैं आप सभी का आभारी हूं कि बीजेपी के टिकट घोषित होने के बाद भी मेरे साथ हैं। मैं आपको क्या बोल सकता हूं। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता, जो भी आपका आशीर्वाद होगा आपका प्यार होगा, उसे मैं स्वीकार करूंगा।
पहले कांग्रेस में थे वेदराम मनहरे
वेदराम को इमोशनल होता देखकर, भीड़ ने ताली बजाते हुए नारा लगाया- वेदराम आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं। सभा में एक बुजुर्ग ने उठकर कहा कि हम शपथ लेते हैं आपको जीताएंगे। वेदराम पहले कांग्रेस नेता थे।
उन्होंने कहा कि 2018 में कांग्रेस को जीताने का काम मैंने किया था, तब एक भी कार्यकर्ता कांग्रेस के नहीं थे। उसके बाद भी कांग्रेस के प्रत्याशी को 25000 वोटों से जीताने का काम किया।
कुछ दिन पहले पार्टी में आए खुशवंत को मिला टिकट
मनहरे ने कहा कि मैं फिर उसी विश्वास के साथ आप सभी के साथ हूं। अचानक 8 दिन पहले आकर जो पार्टी में शामिल हुए उसे टिकट मिला। इस बात की पीड़ा है और कुछ नहीं है। (वेदराम ने ये बाद खुशवंत साहेब के लिए कही)। इसके बाद वेदराम के समर्थकों पूरे इलाके में ये खबर पहुंचाई कि मनहरे अब निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।
सतनामी समाज के प्रभाव वाली सीट है आरंग
रायपुर जिले की हॉटसीट में से एक सीट आरंग भी है। इस वक्त कांग्रेस के शिव डहरिया यहां से विधायक हैं। शिव डहरिया सरकार में मंत्री हैं। आरंग सतनामी समाज के प्रभाव वाली सीट मानी जाती है। सतनामी समाज का प्रदेश में सरकार बनाने बिगाड़ने में अहम रोल है।
मनहरे की समाज में अच्छी खासी पैठ
ऐसे में मनहरे का यूं भाजपा से अलग सभाएं करना, निर्दलीय चुनाव लड़ना, कमल खिलाने में अड़चने लेकर आएगा ये तय है। मनहरे की पैठ समाज के लोगों में अच्छी मानी जाती है। वो दावेदारों की लिस्ट में थे, मगर टिकट हासिल नहीं कर सके।
खुशवंत साहेब का हो चुका है विरोध
6 अक्टूबर को आरंग से हजारों भाजपा कार्यकर्ता रायपुर के बीजेपी मुख्यालय में घुस गए। बड़े नेताओं से मिलने की जिद करते हुए हंगामा कर दिया। आरंग से आए कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें पैराशूट लैडिंग नहीं चाहिए।
आरंग से पैदल मार्च करते हुए पहुंचे कार्यकर्ता जमीन पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। ये सभी खुशवंत साहेब को टिकट दिए जाने का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों में मनहरे समर्थक भी थे।
