जैन के वीडियो को लेकर पुरी ने साधा ‘आप’ पर निशाना, राय बोले- भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं – puri targets aap over jain’s video, says bjp has no issue
केंद्रीय शहरी और आवास मामलों के मंत्री पुरी ने चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, “कई लोगों का कहना है कि दिल्ली लंदन तो नहीं बनी लेकिन थाईलैंड का स्पा बन गई। वे (आप) कह रहे हैं कि मेडिकल थेरेपी पर क्यों आपत्ति जतायी जा रही है। लेकिन एक नहीं चीज आज सामने आई है कि वीडियो में (जैन की) मालिश करता दिख रहा व्यक्ति अलग तरह के आरोपों का सामना कर रहा है।”
पुरी ने उन खबरों की ओर इशारा करते हुए यह बात कही, जिनमें कहा गया है कि जैन की मालिश करने वाला व्यक्ति बलात्कार के मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।
उल्लेखनीय है कि धनशोधन मामले में जेल में बंद जैन की एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गयी थी, जिसमें वह अपनी कोठरी के अंदर मसाज कराते दिख रहे हैं।
वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी की आलोचना होने के बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि जैन रीढ़ की हड्डी में चोट के बाद फिजियोथेरेपी करा रहे थे।
इस बीच दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने के लिए इस मामले को तूल दे रही है और उसके पास नगर निगम चुनाव के लिए कोई मुद्दा नहीं है।
राय ने आरोप लगाया, “उनका नारा है ‘बदनाम किया है, बदनाम करेंगे।’ केजरीवाल का नारा है ‘काम किया है, काम करेंगे।’ चाहे सत्येंद्र जैन का मामला हो, मनीष सिसोदिया का, जैस्मीन शाह का या हालिया स्टिंग ऑपरेशन। भाजपा के पास इस चुनाव में कोई मुद्दा नहीं है।”
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए चार दिसंबर को मतदान होना है और सात दिसंबर को मतगणना होगी, जिससे पहले आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।
