भाजपा से मांगा था टिकट, सुरेंद्र शौरी को उम्मीदवार बनाने के बाद किया ऐलान | Kullu: Hiteshwar Singh will contest as an independent from Banjar

[ad_1]
कुल्लूएक घंटा पहले
हिमाचल के कुल्लू स्थित बंजार से भाजपा टिकट की मांग करने वाले पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। हालांकि काफी समय से वह भाजपा से बंजार विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने के लिए टिकट की मांग करते आ रहे थे, लेकिन भाजपा ने बंजार विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक सुरेंद्र शौरी को ही अपना चेहरा बनाया है।
इससे खफा होकर हितेश्वर सिंह ने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। हितेश्वर सिंह काफी समय से बंजार में अपना जनसंपर्क अभियान चलाए हुए थे। दिनरात क्षेत्र में पत्नी जिला परिषद सदस्य विभा सिंह के साथ चुनावी प्रचार में जुटे थे। बंजार से सुरेंद्र शौरी को टिकट दिए जाने के बाद समर्थकों के साथ बैठक की। निर्णय लिया कि वह अब बंजार विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
बंजार-कुल्लू में से किसी एक जगह से लड़ने का महेश्वर सिंह पर था दबाव
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से पूर्व सांसद महेश्वर सिंह पर भी संगठन की ओर से दबाव बनाया जा रहा था कि कुल्लू जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र में से बंजार और कुल्लू में एक ही जगह उन्हें टिकट मिलेगी। इसके लिए पिता महेश्वर सिंह और बेटे हितेश्वर सिंह में से किसी एक को चुनाव लड़ने से पीछे हटने की शर्त रखी गई थी। बताया जा रहा है कि हितेश्वर किसी भी सूरत में चुनाव लड़ने से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।

निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान करते हितेश्वर सिंह।
हर हाल में चुनाव लड़ने पर अड़े रहे हितेश्वर सिंह
ऐसे में कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की टिकट भी अभी तक भाजपा तय नहीं कर पाई। इस बीच हितेश्वर सिंह को मनाने का संगठन ने काफी प्रयास किया, लेकिन हितेश्वर सिंह हर हाल में चुनाव लड़ने पर अड़े रहे और आखिर भाजपा की टिकट बंजार से सुरेंद्र शौरी को मिलने के बाद उन्होंने बुधवार देर रात समर्थकों के साथ बैठक कर आजाद रूप से चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
सुरेंद्र शौरी की मुश्किलें बढ़ीं
निश्चित रूप से हितेश्वर सिंह के आजाद रूप से चुनाव लड़ने के कारण भाजपा के वोट बैंक पर काफी सेंध लगेगी। जिस कारण यहां से भाजपा के उम्मीदवार सुरेंद्र शौरी को इसका नुकसान झेलना पड़ सकता है। बहरहाल हितेश्वर सिंह के चुनावी ऐलान के बाद भाजपा के भीतर की राजनीति में गरमाहट पैदा हो गई है।
हितेश्वर सिंह बोले- हम लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी
हितेश्वर सिंह ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन ने उनकी एक नहीं सुनी। ऐसे में कार्यकर्ताओं के अपार समर्थन मिलने पर तय किया है कि बंजार विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि टिकट चली गई है। अब हम लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी। कुछ संकट मेरे ऊपर भी थे, लेकिन आपका साथ मिला, मुझे ताकत मिली। मैं आपका साथ नहीं छोड़ सकता।
[ad_2]
Source link
