Categories

November 21, 2026

भाजपा सांसद ने मंदिर के पुजारियों व गुरुद्वारे के ग्रंथियों से केजरीवाल से वेतन की मांग करने को कहा – bjp mp asks temple priests and gurudwara granthis to demand salary from kejriwal

Spread the love

नयी दिल्ली, 21 नवंबर (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए प्रचार तेज होने के बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवेश वर्मा ने मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों से सोमवार को कहा कि वे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से तनख्वाह दिए जाने की मांग करें।

सांसद ने कहा कि सरकार सिर्फ इमामों और मुअज़्ज़िनों को मानदेय देती है।

वर्मा ने उनसे यह भी कहा कि अगर सरकार तीन दिन में उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो वे आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और उम्मीदवारों के लिए मंदिर तथा गुरुद्वारे के दरवाज़े बंद कर दें।

उनकी सलाह पर ततारपुर गांव के एक शिव मंदिर और तिहाड़ गांव के एक गुरुद्वारे की प्रबंधन समितियों ने इस सिलसिले में केजरीवाल को पत्र लिखे हैं।

वर्मा ने खुद इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

पश्चिम दिल्ली के सांसद ने कहा, “ मैं सभी मंदिरों और गुरुद्वारों के पुजारियों और ग्रंथियों से अपील करता हूं कि वे 42,000 रुपये मासिक वेतन के लिए केजरीवाल को पत्र लिखें।”

उन्होंने कहा, “ अगर वह तीन दिनों में अपना निर्णय बताने में विफल रहते हैं, तो मंदिरों और गुरुद्वारों के बाहर बोर्ड लगा दिया जाना चाहिए, और तबतक ‘आप’ के किसी भी नेता, उम्मीदवार और स्वयं मुख्यमंत्री के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया जाए जब तक कि वेतन का भुगतान नहीं किया जाता हो।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि केजरीवाल सरकार ने करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल कर इमामों और मुअज्जिनों को 101 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

सांसद ने कहा, “ यह लोगों की ओर से करों के रूप में दिया गया पैसा है और इसे केवल एक धर्म पर खर्च नहीं किया जा सकता है।”

‘आप’ ने अबतक इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।

दिल्ली वक्फ बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि उसके पास पंजीकृत मस्जिदों के करीब 150 इमामों को 18,000 रुपये और 58 मुअज्जिनों को 16,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड में गैर पंजीकृत मस्जिदों के 2,000 से अधिक इमामों और मुअज्जिनों को क्रमशः 14,000 रुपये और 12,000 रुपये प्रति माह का मानदेय दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 हिमाचल प्रदेश: शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया..

फिर से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, CJP को कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ के लिए नहीं मिली परमिशन…

रूस से तेल खरीदने पर भारत पर कोई टैरिफ नहीं, ट्रंप ने 100% टैरिफ लगाने वाले कानून पर लगाई रोक…

प्रयागराज का कसारी-मसारी अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ नाम से विकसित होगा: सीएम योगी…