भाजपा सांसद ने मंदिर के पुजारियों व गुरुद्वारे के ग्रंथियों से केजरीवाल से वेतन की मांग करने को कहा – bjp mp asks temple priests and gurudwara granthis to demand salary from kejriwal
सांसद ने कहा कि सरकार सिर्फ इमामों और मुअज़्ज़िनों को मानदेय देती है।
वर्मा ने उनसे यह भी कहा कि अगर सरकार तीन दिन में उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो वे आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और उम्मीदवारों के लिए मंदिर तथा गुरुद्वारे के दरवाज़े बंद कर दें।
उनकी सलाह पर ततारपुर गांव के एक शिव मंदिर और तिहाड़ गांव के एक गुरुद्वारे की प्रबंधन समितियों ने इस सिलसिले में केजरीवाल को पत्र लिखे हैं।
वर्मा ने खुद इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
पश्चिम दिल्ली के सांसद ने कहा, “ मैं सभी मंदिरों और गुरुद्वारों के पुजारियों और ग्रंथियों से अपील करता हूं कि वे 42,000 रुपये मासिक वेतन के लिए केजरीवाल को पत्र लिखें।”
उन्होंने कहा, “ अगर वह तीन दिनों में अपना निर्णय बताने में विफल रहते हैं, तो मंदिरों और गुरुद्वारों के बाहर बोर्ड लगा दिया जाना चाहिए, और तबतक ‘आप’ के किसी भी नेता, उम्मीदवार और स्वयं मुख्यमंत्री के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया जाए जब तक कि वेतन का भुगतान नहीं किया जाता हो।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि केजरीवाल सरकार ने करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल कर इमामों और मुअज्जिनों को 101 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
सांसद ने कहा, “ यह लोगों की ओर से करों के रूप में दिया गया पैसा है और इसे केवल एक धर्म पर खर्च नहीं किया जा सकता है।”
‘आप’ ने अबतक इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
दिल्ली वक्फ बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि उसके पास पंजीकृत मस्जिदों के करीब 150 इमामों को 18,000 रुपये और 58 मुअज्जिनों को 16,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड में गैर पंजीकृत मस्जिदों के 2,000 से अधिक इमामों और मुअज्जिनों को क्रमशः 14,000 रुपये और 12,000 रुपये प्रति माह का मानदेय दिया जाता है।
