Azam Khan News : आजम खां के समर्थन में उतरे सपा मुखिया, अखिलेश ने बीजेपी पर बोला करारा हमला – sp chief came out in support of azam khan akhilesh attacked the bjp government
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से बीजेपी सत्ता में आई है विपक्ष के प्रति उसकी बदले की कार्यवाहियां थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन विपक्षी नेताओं की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने का सिलसिला जारी है। अखिलेश ने कहा सपा नेताओं के प्रति बीजेपी का रवैया दुश्मनी जैसा है। यह लोकतंत्र में अवांछनीय है। मोहम्मद आजम खां नफरती राजनीति के विरोधी थे इसलिए वे भाजपा की आंख की किरकिरी बन गए हैं। विधानसभा में उनके अकाट्य तर्कों और तीखे बयानों से बीजेपी नेता असहज रहते थे इसलिए उनके खिलाफ षडयंत्र के बीज बोए जाने लगे। वहीं अखिलेश ने सपा सरकार के दौरान कुंभ के मौके पर नगर विकास मंत्री रहे आजम खां के कामों की प्रशंसा की।
आजम पर रोज फर्जी केस दर्ज किए जा रहे- सपा मुखिया
सपा मुखिया ने कहा बीजेपी के निशाने पर रामपुर से लोकप्रिय सपा नेता मोहम्मद आजम खां हैं जिन पर रोज फर्जी केस दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें हर तरह से परेशान किया जा रहा है। अखिलेश के मुताबिक, बीजेपी रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय बनाने से आजम खां से चिढ़ गई है, और विश्वविद्यालय को ही मटियामेट करने पर तुली है। आजम खां पर भी न जाने कितने झूठे मुकदमें लगा दिए गए। वहीं अब बीजेपी मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने में लगी है।
आजम कोई सामान्य व्यक्ति नहीं – अखिलेश यादव
साथ ही अखिलेश ने कहा कि आजम खां की रचनात्मक कार्यों में विशेष रूचि है और वो संविधान और धर्मनिरपेक्षता के लिए निरन्तर संघर्ष करने वाले नेता रहे हैं। बीजेपी सरकार को याद रखना चाहिए कि राजनीति में विद्वेष की भावना का कोई स्थान नहीं है। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष की समान भूमिका होती है। मोहम्मद आजम खां सामान्य व्यक्ति नहीं, वे रामपुर से 10 बार विधायक, तीन बार सांसद, राज्य सरकार में कई बार मंत्री, नेता विपक्ष भी रहे हैं। भाजपा ने उनको राजनीति में किनारे करने की जो साजिश की है, वह उन पर ही भारी पड़ेगी। राज्य की जनता बीजेपी के अनैतिक आचरण को कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
