Sitamarhi News: छत से कूदकर फरार होना चाहा, पुलिस ने पिस्टल के साथ पंचायत समिति सदस्य को दबोच लिया – wanted criminal turned politician but arrested by police with 9mm pistol sitamarhi bihar news
बताया गया है कि गिरफ्तार पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार मेजरगंज थाना क्षेत्र के डुमरी कला गांव का रहने वाला है। गुप्त सूचना पर स्थानीय थानाध्यक्ष लइक अहमद ने डुमरी कला गांव में प्रवीण के घर पर छापेमारी की और वह गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली की डुमरी कला पूर्वी का पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार अवैध हथियार के साथ घर में मौजूद है। छापेमारी के दौरान उसने अपने घर की छत से कूदकर फरार होना चाहा। लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसकी कोशिश नाकाम कर दी।
शराब तस्करी के मामले में वांटेड जनप्रतिनिधि
थानाध्यक्ष ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य के पास से एक 9 एमएम का पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में प्रवीण के विरुद्ध स्थानीय थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद जेल भेज दिया गया है। 2018 में प्रवीण शराब तस्करी के एक मामले में आरोपित है। वह इस केस में वांटेड था।
रिपोर्ट- अमरेंद्र कुमार
